नहीं सरेन्डर हो पा रहे गलत राशन कार्ड,दो दिन में 40 फीसदी बंटा राशन
नहीं सरेन्डर हो पा रहे गलत राशन कार्ड,दो दिन में 40 फीसदी बंटा राशन
राशन की दुकानों पर चल रहा है नियमित राशन का वितरण
अमेठी।
सरकारी राशन की दुकानों पर नियमित राशन का वितरण जारी है। अपात्रों को जारी हुए सभी राशन कार्ड सरेन्डर नहीं हो पाए हैं। शासन के निर्देश के बाद भी कोटेदार अपात्रों को जारी हुए राशन कार्ड निरस्त कराने के मामले में शिथिल हैं। राशन कार्ड अपने पास रखने के प्रयास में तमाम अमीर परिवार अपना राशन कोटेदारों के घर पर ही छोड़ दे रहे हैं। दो दिन के भीतर जिले में लगभग 40 फीसदी लाभार्थियों को नियमित राशन का वितरण हुआ है। एक माह के भीतर निरस्त किए गए राशन कार्डों की संख्या 16000 है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत में गड़बड़ी दूर करने को शासन की ओर से पीओएस मशीन से राशन वितरण कराया जा रहा है। यह प्रक्रिया लगभग दो साल से चल रही है। अंगूठा लगाकर राशन देने की व्यवस्था लागू होने के बाद भी वितरण में गड़बड़ी नहीं दूर हो पाई है। अपात्रों को आवंटित राशन अपने पास रखने को कोटेदारों ने नया तरीका ईजाद कर लिया है।
जिले में इस समय कुल 764 राशन की दुकानें संचालित हैं। नगरीय क्षेत्र में 12 दुकानें हैं। ग्रामीण अंचल में कई दुकानें निरस्त और निलम्बित होने के कारण बगल के कोटेदार राशन बांट रहे हैं। कुल 712 पीओएस मशीनों से राशन का वितरण हो रहा है।
रविवार की शाम 5 बजे तक जिले की चार तहसीलों में औसत वितरण की प्रगति 40 फीसदी है। अमेठी तहसील में सबसे अधिक 45 फीसदी राशन लाभार्थियों को राशन बंट चुका है।
इनसेट
नहीं पूरा हुआ चीनी बंटवाने का सांसद का वादा, घट गया मिट्टी का तेल
अमेठी।
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी सभी चुुनावी जनसभाओं में नई सरकार गठन के बाद गरीबों को राशन की दुकानों से 13 रुपए प्रति किलो की दर से चीनी बंटवाने का वादा किया था। चुनाव के बाद लगभग डेढ साल का समय बीत रहा है। अभी तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। उधर राशन लाभार्थियों को आवंटित मिट्टी के तेल की मात्रा 60 प्रतिशत कम करके 40 फीसदी कर दी गई है। 40 फीसदी केरोसिन ही दिया जा रहा है। इसका वितरण भी ठीक से नहीं होता है। रात में बिजली कटने पर लोग मोमबत्ती और टार्च के सहारे काम करते हैं।
कोट
राशन वितरण में गड़बड़ियां पहले के सापेक्ष काफी कम हो गई है। इस समय नियमित राशन का वितरण चल रहा है। कोटेदारों को अपात्रों को जारी कार्ड निरस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में लापरवाही करने वाले कोटेदारों के विरूद्ध कार्रवाई तय है।
विजय कुमार प्रसाद
एआरओ, अमेठी
No comments: