शैफ और फरहान की मौत का संदेश लेकर आई बरसात
शैफ और फरहान की मौत का संदेश लेकर आई बरसात
सरायखेमा में मातम का माहौल,दु:ख बांटने में जुटे गांव जंवार के लोग
एसडीएम ने की पीड़ित परिवारों से मुलाकात,दोनों परिवारों को मिलेगी चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता
मुंशीगंज।
मानसून के पहले रविवार को हुई बरसात ने सरायखेमा के कुटिया गांव के दो परिवारों की खुशियां छीन ली है। दो बच्चों का बचपन बारिश ने लील लिया है। गांव में मातम का माहौल है। ननिहाल में आये एक बच्चे के घर लौटने के पहले बारिश उसकी मौत का संदेश लेकर आ गई ।
कुटिया गांव में बीस मुस्लिम परिवार रहते हैं। रविवार को लगभग साढ़े तीन बजे पड़ोसी नटके की पशुशाला की दीवार अचानक गिर पड़ी। छप्पर के सामने खेल रहे दो बच्चे मो शैफ (11) ,मो फरहान (9) और आफताब (8) दीवार के नीचे दब गए। शैफ और फरहान की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। गंभीर रूप से घायल आफताब को संजय गांधी अस्पताल लाया गया। यहां के डाक्टरों ने बच्चे को जिला अस्पताल सुलतानपुर भेज दिया। जिला चिकित्सालय सुलतानपुर ने बालक आफताब हो मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। अयोध्या जनपद के मिल्कीपुर थाने के जोगियापुर गांव क ा निवासी फरहान अपनी मां के साथ ननिहाल आया था। रविवार को उसे घर जाना था। मौसम खराब होने के कारण मां-बेटे घर नहीं जा पाए।
दुर्घटना में नौनिहालों की मौत से रसीद और रमजान के परिवार टूट गए है। महिलाएं छाती पीट-पीटकर रो रही है। फरहान की मां बेसुध पड़ी हुई हैं। बेटे की मौत ने रसीद को पागल कर दिया है। बेसुध अवस्था में रसीद ईंट के चट्टे से सिर लड़ाकर अपनी भी जान देने की कोशिश करता देखा गया।
फरहान का छोटा भाई फुरकान और बहन नासिरा फातिमा अपनी मां के पास बैठकर रो रहे हैं। शैफ का भाई कैफ 13 अपने दादा के पास शांत मुद्रा में बैठा था, रोते-रोते उसकी आंखे भी लाल हो गई थी।
कुटिया सरायखेमा व थौरा गांवों के लोग बड़ी संख्या में आपदा के शिकार परिवारों का दु:ख बांटने में लगे हुए हैं। गांव में आने जाने वाले हर सख्श की आंखों से आंसू निकल रहे हैं। पड़ोसी नटके को सभी लोग कोस रहे हैं।
इनसेट
एसडीएम ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
रविवार की शाम संजय गांधी अस्पताल से वापस लौटने के बाद एसडीएम रामशंकर ने कुटिया गांव जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। दु:खी परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा है कि दु:ख की घड़ी में प्रशासन आपदा शिकार परिवारों के साथ है। पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक मदद की जायेगी।

No comments: