Header Ads

सीबीआई की टीम ने किसी को भी नहीं जाने दिया अन्दर

सीबीआई की टीम ने किसी को भी नहीं जाने दिया अन्दर 
अमेठी।
सपा सरकार में सबसे ताकतवर मंत्रियों में शामिल रहे पूूर्व कैनिबेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास और जनसम्पर्क कार्यालय पर सीबीआई के छापे ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दिया है। छापे के दौरान जनसम्पर्क कार्यालय पर मौजूद सपा नेता पूरे समय मौन रहे। सीबीआई की टीम ने किसी को भी अन्दर नहीं जाने दिया।
हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में पूर्व मंत्री की टीम ने अन्दरखाने भाजपा की मदद की थी। चुनाव के बाद सूबे की सरकार पूर्व मंत्री को जेल से रिहा कराने में मदद करेगी, मंत्री जल्द ही जेल से छूट जायेंगे। 23 मई को मतगणना के बाद से ही नगर से गांव तक इस बात की चर्चाएं जोर शोर से चल रही थी। बुधवार को पूर्व मंत्री के घर और कार्यालय पर अचानक सीबीआई के छापे ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दिया है।
जनसम्पर्क कार्यालय पर छापे के दौरान सपा नेता रामसिंह एडवोकेट ने खिड़की के सहारे सीबीआई के अधिकारियों से छापे का कारण जानने की कोशिश की परन्तु अधिकारियों ने कुछ बताने से साफ मना कर दिया। सपा विधानसभाध्यक्ष शम्भू यादव,पिन्टू यादव सहित कई अन्य सपा नेता कार्यालय पर मौजूद देखे गए।
सीबीआई की टीम बुधवार की सुबह आवास विकास कालोनी पहुंच गई। आवास पर मौजूद रहने वाले मंत्री के भतीजे सुरेन्द्र प्रजापति और जशवन्त को अपने साथ लेकर टीम ने सुबह 7 बजे से 2.30 बजे तक आवास और कार्यालय की छानबीन की।  छापे के दौरान कई सपा नेता जनसम्पर्क कार्यालय पर पहुंचे परन्तु अधिकारियों से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई। सीबीआई के एक अधिकारी ने मकान नम्बर जानने को पड़ोसी एक महिला से पूछतांछ की ,महिला के घर के सामने स्थित एक अन्य मकान पर लगे विद्युत मीटर की फोटो भी खींची। कार्यालय प्रभारी का काम देखने वाला अशोक कुमार यादव दोपहर बाद जनसम्पर्क कार्यालय से दूर चला गया। सीबीआई की टीम ने कार्यालय के पीछे बने खनन विभाग के गेस्ट हाउस को भी देखा। वहां कुछ नहीं मिला। सीबीआई की टीम ने अपने साथ दफ्तर में मौजूद मिले सभी पेपर और कम्प्यूटर उठाकर ले गई है।
पूर्व मंत्री को मिल सकती है क्लीन चिट ?
बुधवार को बस स्टाप के पास सभी चायपान की दुकानों पर छापे की चर्चा देर शाम तक होती रही। ‘पूर्व मंत्री ने चुनाव में भाजपा की मदद की थी, स्मृति ईरानी का साथ दिया था। सीबीआई सरकार के इशारे पर ही काम करती है, सरकार खनन घोटाले में गायत्री प्रसाद प्रजापति को क्लीन चिट दे सकती है’,इस तरह की बातें तमाम लोग कर रहे हैं। पूर्व मंत्री का विरोधी इस समय अधिक पावर में है। पूर्व मंत्री का जेल से छूटना मुश्किल है। बस अड्डे पर स्थित एक चाय की दुकान पर कई लोग इस तरह की बातें भी करते देखे गए। 


No comments:

Powered by Blogger.