Header Ads

पहले दिन अधिकांश बूथों पर रहा सन्नाटा,अकेले बैठे रहे बीएलओ

पहले दिन अधिकांश बूथों पर रहा सन्नाटा,अकेले बैठे रहे बीएलओ 

अमेठी।
मतदाता सत्यापन और सूचना कार्यक्रम के अन्तर्गत शनिवार को अधिकांश पोलिंग बूथों पर बीएलओ अकेले बैठे रहे । मतदाता सूचियों में नाम बढ़ाने के आवेदन नहीं भरे गए। पूर्व के अभियानों में प्रारूप 6 फार्म भरने वाले अधिकांश मतदाताओं को पहचान पत्र नहीं मिले हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर दो दिवसीय विशेष शिविर शनिवार को शुरू हुआ। पोलिंग बूथों पर बीएलओ सुबह 10 बजे ही बैठ गए। मतदाता सूचियां देखने वाले लोगों की संख्या इकाई में रही। हिन्दुस्तान ने कई बूथों पर अभियान का जायजा लिया। कई बूथ लेबिल अधिकारियों ने बताया कि एक साल पहले जो प्रारूप 6 फार्म भरे गए थे, उनके पहचान पत्र अभी तक नहीं मिले हैं। कई वोटर ऐसे है जिनके फोटो मतदाता सूचियों में छपे हुए हैं,परन्तु उनके सामने आईडी नम्बर नहीं पड़ा है। प्राइमरी पाठशाला रोहसी खुर्द में शनिवार को आठ लोग मतदाता सूची देखने आये। कई वोटर पहचान पत्र के बारे में बीएलओ से जानकारी लेते देखे गए।
घोरहा में पोलिंग स्टेशन के तीन बूथों पर 66 मतदाताओं को वोटर कार्ड नहीं मिले हैं। उपासना सिंह,विपिन,प्रिया कश्यप, अनुज आदि ऐसे वोटर हैं, जिनके फोटो छापे हुए हैं ,आईडी नम्बर नहीं है। इन्हें वोटर कार्ड भी नहीं मिले हैं। देवीपाटन स्थित पोलिंग बूथ पर शनिवार को चार नये प्रारूप 6 भरे गए हैं। बीएलओ बिन्दु गुप्ता ने बताया कि पचीस से अधिक मतदाताओं को वोटर कार्ड नहीं मिले हैं। संस्कृत पाठशाला देवीपाटन में शनिवार को दो लोगों ने प्रारूप 6 फार्म भरा है। बीएलओ सुदामा देवी ने बताया कि एक दर्जन से अधिक मतदाताओं को पहचान पत्र नहीं मिले हैं। गुंगवाछ में भी शनिवार को मतदाता सूची देखने लोग नहीं आये।
जिला निर्वाचन कार्यालय में तैनात अधिकारी पूनम सक्सेना ने बताया कि पहचान पत्र छप रहे हैं। चुनाव के पहले सभी नये वोटरों को पहचान पत्र मिल जायेंगे।


No comments:

Powered by Blogger.